शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के प्रयासों के बीच ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 और आसपास के क्षेत्रों में दिशासूचक बोर्डों तथा बस स्टैंडों पर अवैध रूप से पोस्टर चिपकाने का मामला सामने आया है। इन पोस्टरों के कारण न केवल शहर की सौंदर्यता प्रभावित हो रही है, बल्कि आम नागरिकों को मार्गदर्शन में भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि इन पोस्टरों पर शहर को गंदा करने वालों के मोबाइल नम्बर भी खुले तौर पर लिखे हुए हैं, इसके बावजूद Greater Noida Authority के अर्बन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की अनदेखी साफ नजर आ रही है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक्टिव सिटीजन टीम, हरेंद्र भाटी (एचडी) के साथ, ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश दिशासूचक बोर्ड और बस स्टैंड पोस्टरों से ढके हुए हैं।
हरेंद्र भाटी ने कहा कि यह न केवल सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है, बल्कि नगर की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि ऐसे पोस्टरों को तत्काल हटवाया जाए और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
एक्टिव सिटीजन टीम, हरेंद्र भाटी एचडी के साथ, ने यह भी अपील की है कि शहर के नागरिक इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ जागरूक रहें और प्रशासन को सूचित करें, ताकि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सामूहिक सहयोग मिल सके।
यह भी पढ़ें
ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढों से बढ़ता खतरा: प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे सवाल











